महाराष्ट्र सरकार भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा संगठित धांधली रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार द्वारा भर्ती और प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए गठित उच्च-स्तरीय समिति की दूसरी रिपोर्ट में इन सिफारिशों का प्रस्ताव किया गया है। रिपोर्ट 23 नवंबर, 2026 को सरकार को सौंपी गई थी। समिति का गठन 4 सितंबर, 2026 को किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार परीक्षाओं से जुड़े संगठित अपराधों में शामिल व्यक्तियों को 7 से 10 साल तक की जेल, संबंधित संस्थानों पर कम से कम 10 करोड़ रुपए का जुर्माना और संपत्ति जब्त करने का प्रावधान प्रस्तावित है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते पाए जाने वाले उम्मीदवारों और अन्य व्यक्तियों को 5 से 10 साल तक की जेल और 50 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। परीक्षा में गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों पर 5 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और 8 साल तक परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने से प्रतिबंध का प्रस्ताव है।

समिति ने परीक्षा अपराधों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कराने, गंभीर मामलों के लिए विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने और त्वरित निपटारे के लिए विशेष अदालतों की सिफारिश की है। परीक्षा फीस पूरी तरह वापस करने, अस्थाई उत्तर कुंजी पर सही पाई गई आपत्तियों की फीस लौटाने और अगले साल का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर हर साल अक्टूबर तक घोषित करने का भी सुझाव दिया गया है। उम्मीदवारों के लिए आधार या ‘महा-आईडी’ से एक बार पंजीकरण की सुविधा का प्रस्ताव है।

रिपोर्ट में परीक्षा गतिविधियों की निगरानी के लिए त्रि-स्तरीय ‘कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’, खाली पदों के विवरण के लिए एकीकृत मांग-पत्र पोर्टल और हर जिले में जिला कलेक्टर की देखरेख में अलग परीक्षा शाखा बनाने की सिफारिश की गई है। परीक्षा केंद्रों के लिए ‘वेन्यू बैंक’ बनाने तथा परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा के लिए समर्पित प्रौद्योगिकी एवं साइबर सिक्योरिटी सेल गठित करने का भी प्रस्ताव है। सिफारिशों को स्वीकार कर लागू किए जाने पर महाराष्ट्र की प्रतियोगी परीक्षा और भर्ती प्रणाली में बड़े बदलाव आ सकते हैं, जिनका मुख्य जोर पारदर्शिता, जवाबदेही, सुरक्षा और उम्मीदवारों के हितों की रक्षा पर होगा।