सर्द मौसम से पहले मैनपुरी का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पहचान से जुड़े इस जिले में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों सामाजिक समीकरणों के जरिए जीत की राह तलाश रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का फोकस भी इन्हीं समीकरणों पर है। मुलायम सिंह की विरासत वाली करहल सीट पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हैं। 2017 में भाजपा की लहर के बावजूद सपा ने जिले की चार में से तीन सीटें जीती थीं, जबकि 2022 में मुकाबला 2-2 पर आ गया। करहल और किशनी सपा के गढ़ बने रहे, जबकि मैनपुरी सदर और भोगांव पर भाजपा की पकड़ मजबूत रही। यादव, शाक्य और लोध बाहुल्य इस जिले में असली टकराव सामाजिक समीकरणों को लेकर ही माना जा रहा है।

करहल की राजनीति ने उस समय मोड़ लिया, जब 2002 में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए सोबरन सिंह यादव 2007 में सपा में आ गए और 2017 तक सपा के विधायक रहे। 2022 में अखिलेश यादव ने यहां से चुनाव लड़कर सीट की प्रोफाइल बढ़ाई और सीट छोड़ने के बाद उपचुनाव में उनके भतीजे तेजप्रताप ने जीत दर्ज की। मैनपुरी की पंजाबी कॉलोनी निवासी समाजसेवी नरेन्द्र कालरा के अनुसार करहल सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिष्ठा तय करने वाला क्षेत्र है, जहां आज भी मुलायम का परिवार विशिष्ट है। लेनगंज में किराना की दुकान चलाने वाले भगवान दयाल गुप्ता का मानना है कि मैनपुरी राजनीतिक प्रभुत्व की प्रयोगशाला बन गया है, जहां पिछले चुनाव में भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है।

लाभार्थी योजनाओं और किसान मुद्दों पर जनता की राय मिली-जुली है। भोगांव के गणेशपुर निवासी प्रवीण का कहना है कि उन्हें न उज्ज्वला का लाभ मिला और न आयुष्मान योजना का, आज भी चूल्हे पर भोजन बनाना पड़ता है। मैनपुरी सदर के अंजनी गांव निवासी कन्हैयालाल प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहते हैं कि उज्ज्वला और आयुष्मान योजना निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि 2024 लोकसभा चुनाव वाला नैरेटिव बदल गया है। करहल में किराने का व्यवसाय करने वाले वीरभान सिंह कहते हैं कि कई सरकारें बनीं और हटीं, लेकिन मुलायम सिंह किसी के मन से नहीं हटाए जा सके। अल्पसंख्यकों में भी योजनाओं को लेकर जागरूकता दिखी। करहल की नजमा के अनुसार पिछले दो साल से किसान निधि नियमित मिल रही थी, लेकिन केवाईसी कराने के बाद धन मिलना बंद हो गया और कृषि विभाग के पास आधार कार्ड व कागज जमा कर दिए गए हैं। भोगांव के किसान तेजवीर सिंह यादव का कहना है कि इस बार यूरिया और डीएपी के संकट ने खेतीबाड़ी को नुकसान पहुंचाया है और सरकार से अपेक्षित मदद नहीं मिली, जिसका असर चुनाव में दिखेगा।

भाजपा वोटों की संख्या बढ़ाने पर फोकस कर रही है। 2022 में मैनपुरी सदर पर भाजपा के जयवीर सिंह 6766 वोटों से जीते थे, जबकि 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने यहां 26 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त बनाई। भोगांव में भी यही सूरत भाजपा के लिए चिंता का कारण है, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के राम नरेश अग्निहोत्री सपा के आलोक कुमार शाक्य से सिर्फ 4767 वोटों से जीते थे, वहीं सपा के बृजेश कठेरिया ने भाजपा के डॉ. प्रिया रंजन आशू दिवाकर को 19 हजार से ज्यादा मतों से हराया था। करहल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 67 हजार और बाद में तेजप्रताप ने 14 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी।