मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र में कुरावली रोड पर माता शीतला देवी मंदिर के निकट गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई। हादसे में कार चालक 36 वर्षीय मोहित निवासी देवकली कुरावली की मौत हो गई, जबकि कार में सवार नरेंद्र और आयुष निवासी देवकली तथा आकाश निवासी श्मशान घाट रोड मैनपुरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, नगर के ईशन नदी पुल स्थित राम वाटिका मैरिज होम में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद चारों लोग टाटा टिगोर कार से कुरावली जा रहे थे। देर रात पौने एक बजे कार जब शीतला माता मंदिर के निकट पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। हादसे के बाद एयर बैग खुलने पर चारों घायल कूदकर बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
अस्पताल में जांच के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि नरेंद्र, आयुष और आकाश की हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और स्वजन को हादसे की जानकारी दे दी गई है। टक्कर मारने वाला ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में कार चालक की मृत्यु हुई है। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
