इस्लामाबाद में मक्का संयुक्त रक्षा समझौते की तीसरी 'स्ट्रैटेजिक पॉलिटिकल एंड डिफेंस कमिटी' की बैठक 26-27 नवंबर को शुरू हो रही है। इसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख हिस्सा लेंगे। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब इजरायल ने ईरान पर फिर हमले की धमकी दी है और ईरान समर्थित हूती विद्रोही सऊदी अरब पर हमले कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के आधार पर होने वाली इन वार्ताओं का उद्देश्य संयुक्त सैन्य योजना बनाना, खुफिया जानकारी साझा करना और लाल सागर में बाधाओं तथा सऊदी-हूती संघर्ष जैसे साझा खतरों से मिलकर निपटना है।
मक्का रक्षा समझौते में शामिल तुर्की के पास NATO की दूसरी सबसे बड़ी सेना है। सऊदी अरब इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों का घर है और दुनिया के प्रमुख तेल निर्यातकों में से एक है। वहीं, पाकिस्तान इस समझौते में शामिल अकेला परमाणु-संपन्न मुस्लिम देश है। अनुमानों के मुताबिक, पाकिस्तान के पास करीब 170 परमाणु हथियार हैं, जिनमें से कुछ को तैनाती के लिए तैयार रखा गया है, हालांकि पाकिस्तान ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस बीच, हूती समूह और सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच तनाव चरम पर है। हूती-संचालित अल-मसीराह टीवी ने बताया कि मंगलवार देर रात यमन की राजधानी सना में सऊदी ने हवाई हमले किए और सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के इलाके को निशाना बनाया। अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय निवासियों ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि इलाके में जोरदार धमाके हुए, जिससे आस-पास के घरों की खिड़कियां हिल गईं।
