मलेशिया जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग (JIM) ने 17 नवंबर को जारी एक नोटिस में बताया है कि भारतीय नागरिकों को दी जा रही वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा खत्म की जा रही है। विभाग के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 से मलेशिया जाने वाले सभी भारतीयों को यात्रा से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा। अभी तक भारतीय पासपोर्ट धारक बिना वीजा मलेशिया जा सकते थे।

नए नियम लागू होने से पहले यात्रियों को आवेदन का मौका दिया जाएगा। मलेशिया के लिए ऑनलाइन वीजा आवेदन 1 दिसंबर 2026 से शुरू होंगे और इच्छुक यात्री MyVISA पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकेंगे। इसका मतलब है कि 1 जनवरी 2027 या उसके बाद मलेशिया जाने की योजना बनाने वाले भारतीयों को यात्रा से पहले वीजा प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इमिग्रेशन विभाग ने वीजा आवेदन प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। नए नियम के अनुसार, अगर किसी आवेदन का स्टेटस 'New Application' या 'Pending Payment' रहता है और सात कार्यदिवस से अधिक समय बीत जाता है, तो वह आवेदन अपने आप एक्सपायर हो जाएगा। यह नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुका है। विभाग के 28 सितंबर के ऐलान के मुताबिक, यह उन आवेदनों पर भी लागू होगा जो 1 सितंबर 2026 से पहले जमा किए गए थे। आवेदन एक्सपायर होने पर आवेदक को अपडेटेड वीजा आवेदन फॉर्म के जरिए दोबारा आवेदन करना होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान जमा की गई वीजा फीस नॉन-रिफंडेबल होगी। आवेदन मंजूर होने, खारिज होने, सरकारी नीति में बदलाव होने या यात्रा की योजना बदलने पर भी फीस वापस नहीं की जाएगी। विभाग ने यह भी कहा है कि मलेशियाई सरकार के निर्देशों के अनुसार वह किसी भी समय प्रवेश संबंधी नियमों में बदलाव करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। इससे पहले 1 सितंबर 2026 से मलेशिया ने मल्टीपल एंट्री वीजा (MEV) की सुविधा को 31 पात्र राष्ट्रीयताओं तक सीमित कर दिया था। विदेशी यात्रियों को पूरे प्रवास की अवधि के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेने की भी सलाह दी गई है।