दूरदर्शन का आइकॉनिक शो 'मालगुडी डेज' साल 1986 में प्रसारित हुआ था। आर.के. नारायण की कहानियों पर आधारित इस शो का निर्देशन शंकर नाग ने किया था। शो की ज्यादातर शूटिंग कर्नाटक के शिमोगा जिले के अगुम्बे गांव में हुई थी। अगुम्बे के पास मौजूद कलकोडु को घर के रूप में इस्तेमाल किया गया था।
आर्ट डायरेक्टर जॉन देवराज ने अगुम्बे गांव को 'मालगुडी' का रूप देने के लिए वहां ठेले, मूर्तियां, सड़कें, दुकानें, बस स्टैंड और स्कूल तैयार करवाए। शूटिंग के लिए शिमोगा से गधे और बेंगलुरु से हाथी मंगवाए गए थे। कहा जाता है कि मेकर्स पहले मालगुडी का सेट मैसूर में लगाना चाहते थे, लेकिन गांव की कहानी वाले कॉन्सेप्ट के हिसाब से वहां तब तक बड़ा शहर बस चुका था। शो के डायरेक्टर शंकर नाग को अगुम्बे का सनसेट इतना पसंद था कि उन्होंने यह ठान लिया कि वो यही अपना काल्पनिक मालगुडी गांव बसाएंगे।
जिस समय मालगुडी डेज आया था, उस समय बड़े होटलों में ठहरने की बहुत ज्यादा सुविधाएं नहीं थीं। शो के कास्ट और क्रू की टीम में 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। इस वजह से स्टारकास्ट समेत पूरी टीम वहां के स्थानीय लोगों के साथ ही उनके घरों में रहती थी। उनके पास भी उतनी ही सुविधाएं थीं, जितनी गांववालों के पास थी।
40 साल पहले शुरू हुए मालगुडी डेज के कुल 4 सीजन आए थे। पहले से तीसरा सीजन शंकर नाग ने और चौथा सीजन कविता लंकेश ने डायरेक्ट किया था। यह शो आर.के. नारायण की शॉर्ट स्टोरीज और नॉवेल पर बेस्ड था। शो में मास्टर मंजुनाथ, गिरीश कर्नाड, वैशाली कासरवल्ली और बी. जयश्री जैसे कलाकार नजर आए थे।
