बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने आरोप लगाया है कि टीवी शो 'लाफ्टर शेफ' में उनकी आध्यात्मिक बातें काटकर केवल सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान से जुड़ी बातें दिखाई गईं। उन्होंने यह बात 'द रियल वन' पॉडकास्ट पर कही। अभिनेत्री ने बताया कि शो में उन्होंने भगवती और नारायण स्तोत्र का गायन भी किया था, लेकिन बाद में देखा तो सिर्फ फिल्मी सितारों से जुड़ी बातें ही दिखाई गईं।
जनवरी 2025 में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान संन्यास दीक्षा लेकर किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर नियुक्त होने के बाद ममता कुलकर्णी चर्चा में आई थीं। उस समय वह रोती हुई नजर आई थीं। पॉडकास्ट पर उन्होंने बताया कि महामंडलेश्वर की उपाधि मिलते समय उन्हें अपनी 25 साल की तपस्या याद आई, जिसके कारण उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने 25 साल भगवान को तपस्या में दिए।
अभिनेत्री ने अपने बचपन का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि स्कूल में शिक्षक ने कहा था कि पांच साल तक गणपति के मंत्र का जाप करने पर उन्हें बप्पा के दर्शन होंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने बिना नियम तोड़े पूरे पांच साल उस मंत्र का जाप किया और एक दिन सुबह उन्हें बप्पा के दर्शन हुए। उन्होंने अपने जन्म की कहानी भी साझा की और बताया कि उनका नाम यमाई रखा गया था।
ममता कुलकर्णी की फिल्मों में 'करण-अर्जुन', 'तिरंगा', 'क्रांतिवीर', 'बाजी', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' और 'चाइना गेट' शामिल हैं। वह 'गुप चुप गुप चुप', 'कितने दिनों के बाद मिले हो', 'इक मुंडा', 'भोली भाली लड़की', 'मैंने प्यार किया' और 'भंगड़ा पाले' जैसे गानों में भी नजर आईं।
