मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी आईएएनए के मुताबिक, 600 से ज्यादा लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। प्रभावित लोगों में ज्यादातर चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। यह मामला पिछले दो-तीन दिनों में सामने आया है। शिजा अस्पताल के एमडी डॉ. चेतन हुंडोंगबाम के मुताबिक, तीन मरीजों की हालत गंभीर थी और उन्हें डायलिसिस पर रखा गया है। अस्पताल में तैयार बिस्तर मरीजों से भर गए हैं, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग और दूसरे अस्पतालों से मदद मांगी गई है। मौतों और मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जो शराब पी थी, वह काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। जांच में पता चला है कि उसमें मेथनॉल मिलाया गया था। चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है, इसलिए आशंका है कि अन्य इलाकों से शराब लाकर यहां बेची गई थी। पुलिस शराब तस्करों की तलाश में जुटी है और इस मामले में अब तक करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

इस बीच, मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। एक की घर में ही जान चली गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों ने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पी थी। इनमें से एक को पहले से खून की उल्टियां होती थीं। सागर के बंडा इलाके में इससे पहले जहरीली शराब से 36 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर समेत 34 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

दो महीने पहले नगालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई थी। पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 मौतें हुईं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शराब पीने के बाद कुछ लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई और बाद में उनकी मौत हो गई। मौतों के बाद पुलिस ने कई जगह छापेमारी की, जिसमें 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 3,000 शराब की बोतलें जब्त की गईं।