मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है और करीब 200 लोग बीमार हैं। सभी बीमार लोगों को इंफाल के शिजा अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। प्रभावित लोगों में ज्यादातर चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। यह मामला पिछले दो-तीन दिनों में सामने आया है।

शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन हुंडोंगबाम के मुताबिक, तीन मरीजों की हालत गंभीर थी और उन्हें डायलिसिस पर रखा गया है। अस्पताल में तैयार बिस्तर मरीजों से भर गए हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और दूसरे अस्पतालों से मदद मांगी गई है। मौतों और मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था, वह काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। शराब में मेथनॉल कैसे मिला और इसकी आपूर्ति किसने की, इसकी जांच की जा रही है।