मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पिछले तीन दिनों में 15 लोगों की मौत हो गई है और 180 से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं, जिनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है। यह घटना चाकपी कारोंग में स्थानीय स्तर पर बनी शराब पीने के बाद सामने आई है। पुलिस अधिकारी इसे संदिग्ध मेथनॉल पॉइज़निंग का मामला बता रहे हैं। मरने वालों की संख्या की पुष्टि हो चुकी है। 180 मरीजों का इलाज इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, प्रभावित लोग ज्यादातर चंदेल जिले के चाकपी कारोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क से लेकर अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। अस्पताल लाए गए कई लोगों में मेथनॉल पॉइज़निंग के लक्षण दिखे हैं। माना जा रहा है कि यह जहरीला पदार्थ स्थानीय शराब में मिला हुआ था। शिजा अस्पताल में स्थिति गंभीर बनी हुई है, क्योंकि इमरजेंसी मेडिकल केयर के लिए लगातार मरीज आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों को लेकर एक और बस अस्पताल की ओर आ रही है, जिससे मृतकों और भर्ती होने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शिजा अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित मरीजों तथा मेडिकल टीमों से मुलाकात की। बात करते हुए शिजा अस्पताल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि मरीजों के आने से पहले ही उन्हें चंदेल जिले में पॉइज़निंग की घटना की सूचना मिल गई थी। उनके मुताबिक, अब तक अस्पताल में 180 मरीज आ चुके हैं, जिनमें से एक को मृत अवस्था में ही लाया गया। तीन मरीजों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के तैयार बिस्तर पूरी तरह भर चुके हैं और राज्य स्वास्थ्य विभाग, RIMS तथा GENIMS से मदद मांगी गई है। मरीजों को दूसरे केंद्रों में भेजा जाएगा, जबकि लाइफ सपोर्ट या हीमोडायलिसिस की जरूरत वाले गंभीर मरीजों का इलाज यहीं किया जाएगा।
चंदेल जिला मुख्यालय के सुमिल लांघु ने बताया कि यह घटना पिछले दो-तीन दिनों में सामने आई है। उन्होंने कहा कि मिली जानकारी के अनुसार यह शराब पीने की वजह से हुआ है, हालांकि शराब कहां से आई, इस बारे में वे पक्के तौर पर नहीं कह सकते। लांघु के मुताबिक, शाम तक 15 लोगों की मौत हो चुकी थी, शिजा में 150 मरीज जांच के लिए आए हैं और कई अन्य मरीज बबीना में भी इलाज करा रहे हैं। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से मिले समर्थन से वे संतुष्ट हैं और आर्थिक मदद का भरोसा भी दिया गया है।
