मणिपुर के चंदेल जिले के चकपी करोंग इलाके में स्थानीय स्तर पर तैयार की गई शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और करीब 150 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शराब में मेथनॉल नाम का जहरीला रसायन मिला होने की आशंका है। मृतकों और बीमार पड़े लोगों में ज्यादातर चंदेल जिले के चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क और अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में करीब 150 मरीज भर्ती हैं, जबकि कई अन्य मरीज बाबिना हॉस्पिटल में भी इलाज के लिए पहुंचे हैं। कई मरीजों में मेथनॉल विषाक्तता से जुड़े लक्षण दिखाई दिए हैं। हालांकि, शराब कहां से आई और उसमें जहरीला पदार्थ कैसे मिला, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इस मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि मणिपुर की बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है। राहुल गांधी ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर इस घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि पहले हिंसा ने सैकड़ों परिवारों के घर उजाड़े और अब जहरीली शराब लोगों की जिंदगी तबाह कर रही है, लेकिन राज्य सरकार अब भी सोई हुई है। राहुल गांधी ने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और प्रभावित परिवारों को बिना देरी पूरा सहयोग व उचित मुआवजा दिया जाए।
मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल और बाबिना हॉस्पिटल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने चंदेल जिले में प्रभावित लोगों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम भी भेजी और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराईं।
राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। चंदेल जिला प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर संदिग्ध स्रोतों से बनी स्थानीय शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने अवैध रूप से शराब बनाने या बेचने से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर अधिकारियों को सूचित करने को कहा है। चंदेल जिला मुख्यालय के सुमिल लांगहू ने बताया कि पिछले दो से तीन दिनों में इस तरह के मामले सामने आने शुरू हुए। शुरुआती जानकारी में लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौतों का संबंध शराब पीने से जुड़ा बताया गया है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट करने में असमर्थता जताई कि संबंधित शराब कहां से लाई गई थी।
