मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी के तिलक समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें मनीष कश्यप और अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के बीच बातचीत देखी जा सकती है। बातचीत में मनीष कश्यप ने ऋषिकेश से पूछा कि बिहार में ऐसा क्या किया जाए कि यह अमेरिका जैसा बन जाए। इस पर ऋषिकेश ने जवाब दिया कि मनीष कश्यप जैसे ईमानदार पत्रकार आएंगे तो बिहार की समस्याएं अपने आप दूर हो जाएंगी।

वायरल वीडियो की शुरुआत में मनीष कश्यप ऋषिकेश को तिलक की बधाई देते हैं और कहते हैं कि वह अमेरिका से आए हैं। वह ऋषिकेश से बिहार को अमेरिका जैसा बनाने को लेकर सवाल पूछते हैं। ऋषिकेश मुस्कुराते हुए मनीष कश्यप को ईमानदार पत्रकार बताते हैं और कहते हैं कि ऐसे पत्रकार आने से बिहार की समस्याएं अपने आप हल हो जाएंगी। वह मनीष कश्यप को भी शादी की बधाई देते हैं।

बातचीत के दौरान ऋषिकेश बताते हैं कि वह न्यूयॉर्क में बैठकर भी मनीष कश्यप की रील देखते रहते हैं। वह बिहार की सड़कों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहते हैं कि बिहटा की सड़कें भी ठीक नहीं हैं और 12वीं कक्षा में उन्होंने जैसा देखा था, अब भी स्थिति वैसी ही है। इस पर मनीष कश्यप हल्के-फुल्के अंदाज में कहते हैं कि बताइएगा, सड़क बन जाएगी।

वीडियो में मनीष कश्यप ऋषिकेश के व्यवहार की तारीफ भी करते हैं और कहते हैं कि उनकी पूरी फैमिली डाउन टू अर्थ है। उन्हें ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि ऋषिकेश अमेरिका से आए हैं। मनीष कश्यप मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि कुछ लोग विदेश से आने के बाद सिर्फ अंग्रेजी में ही बात करने लगते हैं। अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी के तिलक समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और अब उनकी शाही शादी की चर्चा है।