मंगल ग्रह पर नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने नाज्का नाम की जगह पर चट्टानों के भीतर डिस्क के आकार की अजीब संरचनाएं खोजी हैं, जो देखने में आलू के चिप्स जैसी लगती हैं। नासा ने अपने मिशन ब्लॉग में इन संरचनाओं की तुलना डिस्क के आकार के क्रिस्टल से की है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये मंगल के भूगर्भीय इतिहास के लिए अहम सुराग साबित हो सकती हैं।
वैज्ञानिकों के लिए इनका आकार जितना दिलचस्प है, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण इनकी रासायनिक संरचना है। वे यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि ये चिप्स जैसी संरचनाएं किस खनिज से बनी हैं, क्योंकि अंदर मौजूद खनिज यह बता सकता है कि ये चट्टानें कब और किन परिस्थितियों में बनीं। रोवर ने नाज्का साइट पर एक चट्टान में ड्रिल कर नमूना निकाला और उसे अपने अंदर मौजूद छोटी केमिकल लैब में भेजा, जो चट्टानों और मिट्टी में मौजूद रासायनिक तत्वों और यौगिकों का विश्लेषण करती है।
नासा ने बताया कि रोवर के पास ChemCam नाम का एक खास उपकरण भी है, जो लेजर की मदद से काम करता है। लेजर की गर्मी से चट्टान की सतह का बहुत छोटा हिस्सा गर्म होकर प्लाज्मा बनाता है और इससे निकलने वाली रोशनी का अध्ययन करके रासायनिक तत्वों की जानकारी मिलती है। वैज्ञानिकों ने Colca नाम की एक खास चिप जैसी संरचना को भी जांच के लिए चुना है। इसके अलावा रोवर के रोबोटिक आर्म पर लगे मार्स हैंड लेंस इमेजर (MAHLI) कैमरे से रात के समय इनकी क्लोजअप तस्वीरें लेने की योजना बनाई गई, जिसमें सामान्य सफेद रोशनी के साथ अल्ट्रावॉयलेट LED लाइट का भी इस्तेमाल किया गया।
वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि अगर इन संरचनाओं में पानी की मौजूदगी से जुड़े खनिजों की पहचान हो जाए, तो यह समझने में मदद मिलेगी कि मंगल पर कभी पानी किस रूप में था—तरल, बर्फ या किसी और रूप में। यह जानकारी मंगल के प्राचीन वातावरण को समझने में काम आएगी। बता दें कि क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 में मंगल की सतह पर उतरा था और तब से गेल क्रेटर में घूमकर वहां के इतिहास की परतें खोल रहा है। फिलहाल वैज्ञानिक इन संरचनाओं का पूरा विश्लेषण कर रहे हैं और ChemCam व अन्य उपकरणों से मिले आंकड़े तैयार होने पर साफ हो सकेगा कि ये किस खनिज से बनी हैं।
