साइबर ठग अब ओटीपी साझा किए बिना भी लोगों के बैंक खातों को खाली कर सकते हैं। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजाने में डाउनलोड होने वाली खतरनाक एपीके फाइलों के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल में हानिकारक एप्लीकेशन इंस्टाल कर मोबाइल की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करते हैं। इससे बचाव के लिए साइबर सेल ने स्मार्टफोन की सेटिंग में जाकर एडवांस प्रोटेक्शन सुविधा सक्रिय करने की सलाह दी है।

पिथौरागढ़ से मिली जानकारी के अनुसार, साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज भाकुनी ने बताया कि कई बार साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को यह समझ नहीं आता कि ओटीपी साझा किए बिना उनके खाते से रकम कैसे निकल गई। दरअसल अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध वेबसाइट से एपीके फाइल डाउनलोड करने पर मोबाइल में हानिकारक एप्लीकेशन इंस्टाल हो सकती हैं, जिनके जरिए साइबर अपराधी मोबाइल की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करते हैं।

इंस्पेक्टर भाकुनी के अनुसार, स्मार्टफोन की सेटिंग में जाकर एडवांस प्रोटेक्शन सर्च कर इसे सक्रिय किया जा सकता है। यह सुविधा संदिग्ध लिंक, असुरक्षित वेबसाइट और अनजाने में डाउनलोड होने वाली हानिकारक फाइलों से बचाव में मदद करती है। खासकर एसएमएस और वाट्सएप पर आने वाले अनजान लिंक को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह सेटिंग अनजाने में होने वाली गलतियों से बचाव में मदद करती है, लेकिन हर तरह के साइबर हमले से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। जानबूझकर संदिग्ध वेबसाइट पर जाकर फाइल या एप्लीकेशन डाउनलोड करना खतरनाक साबित हो सकता है।