नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आज यानी 23 नवंबर को एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी करेगी। यह स्लिप ऑनलाइन माध्यम से एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर उपलब्ध करवाई जाएगी। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार सिटी स्लिप आते ही ऑफिशियल साइट से इसे डाउनलोड करके अपने परीक्षा शहर की जानकारी हासिल कर सकेंगे और पूर्व यात्रा की तैयारी बना सकेंगे।
एनटीए की ओर से यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। सभी तारीखों पर परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट का समय अपरान्ह 3 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
परीक्षा कुल 87 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 975505 अभ्यर्थी भाग लेंगे। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि एग्जाम सिटी स्लिप का उपयोग केवल परीक्षा शहर की जानकारी हासिल करने के लिए है, इसे एडमिट कार्ड के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
यूजीसी नेट एडमिट कार्ड पहले से निर्धारित तिथि 7 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।
