पंचकूला की अदालत ने सेक्टर-2 में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल आरके शर्मा और उनकी पत्नी सुशीला शर्मा की हत्या के आरोपित पूर्व केयरटेकर विजय को जमानत देने से इनकार कर दिया है। यह दोहरे हत्याकांड की सुनवाई के दौरान लिया गया फैसला है।

आरोप है कि छह मार्च 2024 को विजय और उसके दो नाबालिग साथी दंपती के घर में घुसे थे। उस समय घर में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल आरके शर्मा, उनकी पत्नी सुशीला, नौकरानी और ड्राइवर दीपक मौजूद थे। आरोपितों ने बुजुर्ग दंपती और नौकरानी पर चाकू से हमला किया, जबकि ड्राइवर दीपक को हथियार दिखाकर घर से बाहर ले गए। आरोप है कि आरोपितों ने नौकरानी और कर्नल की पत्नी का गला काट दिया था और घर में रखे 20 हजार रुपये भी लूट लिए थे।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में घर का पूर्व केयरटेकर विजय अपने दो साथियों के साथ घर में आता और बाहर जाता दिखाई दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसी रात विजय को गिरफ्तार कर लिया था। उसके दोनों नाबालिग साथियों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की गई थी।