किशनगंज जिले में अब थानाध्यक्ष के पद पर तैनाती से पहले पुलिस अधिकारियों को तकनीकी पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इस व्यवस्था के तहत पुलिस अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक रैंक के अधिकारियों को थानाध्यक्ष बनने से पहले एसएचओ टेक्निकल एलिजिबिलिटी टेस्ट देना होगा। परीक्षा में सफल होने वाले पदाधिकारियों को ही थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापित किया जाएगा। परीक्षा में यह परखा जाएगा कि संबंधित अधिकारी के पास तकनीकी ज्ञान कितना है, ताकि मामलों की तकनीकी जांच में सहायता मिल सके।

एसपी संतोष कुमार ने थानों के कामकाज की समीक्षा को लेकर भी पहल की है। सभी थानाध्यक्षों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को विभागीय बैठकों तथा कांडों की समीक्षा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अपराध समीक्षा प्रतिवेदन, दैनिक प्रतिवेदन, लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधानकर्ताओं के पास लंबित मामलों, फरार अभियुक्तों की सूची, गुंडा पंजी, मालखाना प्रबंधन, महिला हेल्प डेस्क पंजी और ई-साक्ष्य एप पर लगातार कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है।