ट्रेन में सफर के दौरान तेज आवाज में मोबाइल पर बात करना, लंबे समय तक फोन पर लगे रहना या स्पीकर पर गाने-वीडियो चलाना यात्रियों के लिए महंगा पड़ सकता है। रेलवे ने सहयात्रियों की सुविधा और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर सख्ती के निर्देश दिए हैं। ट्रेन और रेलवे स्टेशन परिसर में तेज आवाज में बात करने या स्पीकर पर गाने और वीडियो चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। रेलवे अधिनियम के तहत ऐसे आचरण को अन्य यात्रियों के लिए परेशानी पैदा करने वाला माना गया है। नियम के उल्लंघन पर एक हजार रुपये तक जुर्माना और छह महीने तक जेल की सजा का प्रावधान है।

संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा) के अनुसार, रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद सभी रेल मंडलों से नियमों का प्रभावी पालन कराने को कहा गया है। रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए क्षेत्रीय भाषाओं के साथ हिंदी और अंग्रेजी में नियमित रूप से यात्रियों को जागरूक किया जाएगा। ट्रेनों में भी जहां संभव होगा, उद्घोषणा कर यात्रियों से तेज आवाज में बात न करने और स्पीकर पर गाने या वीडियो न चलाने की अपील की जाएगी।

रेलवे ने स्टेशनों के प्रमुख स्थानों और ट्रेनों के भीतर जागरूकता पोस्टर व स्टीकर लगाने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर वातानुकूलित (एसी) कोच में ऐसे संदेश प्रमुखता से लगाए जाएंगे। यात्रियों को गाने और वीडियो सुनने के लिए ईयरफोन इस्तेमाल करने की सलाह दी जाएगी। साथ ही मोबाइल को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड में रखने अथवा रिंगटोन की आवाज कम करने का अनुरोध होगा।

निर्देश के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सक्षम वाणिज्यिक कर्मचारियों को अधिकृत किया गया है। टिकट परीक्षक (टीटीई) स्तर के अधिकारी कार्रवाई कर सकेंगे, जबकि टीटीई से नीचे के पद का कर्मचारी ऐसा नहीं कर सकेगा। अधिकृत अधिकारी रेलवे अधिनियम और अपने अधिकारों के तहत नियम तोड़ने वाले यात्रियों के विरुद्ध आवश्यक कदम उठा सकेंगे।