सर्दियों में कार के शीशों के अंदर भाप जमना आम समस्या है, जिससे विजिबिलिटी कम हो जाती है और ड्राइविंग मुश्किल होती है। कई लोग कपड़े से शीशा पोंछते हैं, लेकिन कुछ देर बाद भाप फिर आ जाती है। कार के एसी और डिफॉगर की सही सेटिंग से इस समस्या को तुरंत और स्थायी रूप से दूर किया जा सकता है।
कार के शीशों पर अंदर से भाप कंडेंसेशन के कारण जमती है। केबिन की हवा में मौजूद नमी यात्रियों की सांस, गीले कपड़ों और जूतों से आती है। जब यह गर्म और नमी वाली हवा बाहर के ठंडे शीशे के संपर्क में आती है, तो पानी की बूंदों में बदलकर भाप बना देती है। लंबे समय तक एसी को रीसर्कुलेशन मोड पर रखने से अंदर की नमी बाहर नहीं निकल पाती और भाप जम जाती है।
भाप हटाने के लिए सबसे पहले फ्रंट डिफॉगर चालू करें और फैन की स्पीड बढ़ाएं। एसी ऑन रखें, क्योंकि यह हवा से नमी सोखता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक कई आधुनिक कारों में फ्रंट डिफॉगर दबाते ही एसी अपने आप चालू हो जाता है। एसी चलाते समय फ्रेश-एयर मोड चुनें और रीसर्कुलेशन बंद कर दें, ताकि ताजी हवा अंदर आए और नमी वाली हवा बाहर निकले। विंडस्क्रीन पर हल्की गर्म या सामान्य तापमान की हवा भेजें। पीछे के शीशे के लिए रियर डिफॉगर स्विच ऑन करें। अगर विजिबिलिटी बहुत कम हो जाए, तो गाड़ी सुरक्षित जगह पर रोकें और शीशा पूरी तरह साफ होने के बाद ही आगे बढ़ें।
अगर सभी तरीके अपनाने के बाद भी शीशों पर लगातार धुंध बन रही है, तो यह तकनीकी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। दरवाजों या खिड़कियों की रबर सील खराब होने, सनरूफ की ड्रेन पाइप चोक होने या एसी की ड्रेन पाइप जाम होने से कारपेट और मैट में पानी जमा हो सकता है, जिससे नमी बनी रहती है। गंदा केबिन एयर फिल्टर हवा का फ्लो कम कर देता है और डिफॉगर ठीक से काम नहीं कर पाता, इसलिए इसे समय पर साफ या बदलवाएं। केबिन में हल्की गंध, कूलेंट कम होना या शीशे पर अंदर से चिकनी परत जमना हीटर कोर लीक का संकेत हो सकता है, जिसे तुरंत मैकेनिक को दिखाना चाहिए।
