अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने में बड़ी सफलता हासिल की है। भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से पुलिस ने अब तक कुल 1,210 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। रविवार की दोपहर आयोजित एक कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने ये फोन उनके असली मालिकों को लौटाए।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बरामद किए गए फोन में 30 आईफोन और 1,180 एंड्रॉयड फोन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने और सीईआईआर पोर्टल का सही इस्तेमाल करके उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत से काम कर रहा है।

सीपी गिल ने बताया कि ये मोबाइल फोन मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और तमिलनाडु समेत कई राज्यों से ट्रेस किए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उनका मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए तो वे तुरंत पास के पुलिस स्टेशन या सांझ केंद्र में रिपोर्ट दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी इसकी जानकारी दर्ज करें। उन्होंने कहा कि इससे अधिकारियों को खोए हुए फोन को ब्लॉक करने और ढूंढने में मदद मिलती है।