भोजपुर पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर अश्लीलता, हिंसा, रंगदारी, अवैध हथियारों के प्रदर्शन और जातिगत उन्माद फैलाने के विरुद्ध चलाए जा रहे डिजिटल स्ट्राइक अभियान के तहत अब तक इंस्टाग्राम और फेसबुक की 120 आइडी पर कार्रवाई की है। इनमें से 40 आइडी को टेक डाउन कराया गया है। यह जानकारी रविवार को भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने, रील बनाने और समाज में वैमनस्य फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अकाउंट और पोस्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इधर, रंगदारी वाले गानों को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी पुलिस को चुनौती देते हुए रील बनाने वाले दो युवकों पर कृष्णागढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर थाने लाई, जहां उनसे कान पकड़वाकर माफी मंगवाई गई और भविष्य में इस तरह की गलती न करने की हिदायत दी गई। पिछले दिनों रंगदारी व विवादित गानों को लेकर गायकों, गीतकारों व स्टूडियो संचालकों समेत 45 से अधिक के विरुद्ध साइबर थाने में प्राथमिकी की गई थी।

भोजपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिले से जुड़ी कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट, रील, वीडियो या गीत इंटरनेट मीडिया पर दिखाई देने पर तत्काल पुलिस के आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म या साइबर थाना को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से आपत्तिजनक सामग्री की रिपोर्ट करने और सुरक्षित समाज बनाने में सहयोग देने की अपील की है।