जालंधर के गदाईपुर नहर से रविवार सुबह 32 वर्षीय फैक्ट्री कर्मचारी विशाल कुमार का शव उसकी स्कूटी समेत बरामद हुआ। मृतक न्यू पृथ्वी नगर का रहने वाला था। स्कूटी नहर में आन हालत में मिली। परिजनों ने विशाल के साथ काम करने वाले दोस्तों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का शक जताया है। पुलिस हादसे और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब सवा आठ बजे विशाल ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की और कहा कि वह घर लौट रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल बजता रहा, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। तड़के करीब चार बजे मोबाइल बंद हो गया। परिजन रातभर अस्पतालों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे। सुबह फैक्ट्री और घर लौटने वाले रास्ते पर खोजबीन करते हुए वे गदाईपुर नहर पहुंचे, जहां पानी में विशाल का शव और स्कूटी मिले।

थाना डिवीजन नंबर आठ के एसएचओ राकेश कुमार और चौकी फोकल प्वाइंट के एएसआई गुरदीप सिंह ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। विशाल की पत्नी, बहन और जीजा ने उसके साथ काम करने वाले कुछ युवकों पर शक जताया है। परिजनों के मुताबिक ड्यूटी खत्म होने के बाद विशाल दोस्तों के साथ नहर की पुली के पास रुका था, जहां उन्होंने शराब पी और गोलगप्पे खाए। गोलगप्पे बेचने वाले ने भी युवकों के नशे में होने और उनके बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी होने की बात बताई। परिजनों का आरोप है कि रातभर फोन करने पर दोस्तों ने सही जानकारी नहीं दी और एक-दूसरे पर बात टालते रहे। उनका कहना है कि नहर की दीवार ऊंची है और वहां फिसलकर गिरने के स्पष्ट निशान नहीं हैं, इसलिए विशाल को धक्का देकर नहर में गिराया गया हो सकता है।

एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि स्कूटी आन हालत में मिली है। शुरुआती जांच में संतुलन बिगड़ने से नहर में गिरने की आशंका है। शरीर पर फिलहाल गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और दोस्तों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।