ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईकोटेक-3 में करीब छह माह से सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी लागत करीब आठ करोड़ रुपये बताई गई है। काम में देरी और अधूरी सड़कों के कारण उद्यमियों को धूल, जलभराव और खुले गड्ढों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उद्यमियों का कहना है कि धूल से मशीनों और तैयार उत्पादों को नुकसान पहुंच रहा है। उनके मुताबिक, सड़क पर पड़े पत्थरों के आसपास बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड न होने से रात में हादसे का खतरा बना रहता है। ड्रेन के लिए खोदे गए गड्ढे भी अधूरे हैं। उद्यमी राकेश अग्रवाल ने कहा कि गाड़ी कुछ देर खड़ी रहने पर धूल की मोटी परत जम जाती है, जो फैक्ट्री के अंदर जाकर मशीनों को नुकसान पहुंचा रही है। कपिल कौशिक ने कहा कि सड़क पर पत्थर पड़े हैं और न बैरिकेडिंग है न चेतावनी बोर्ड, जिससे रात के अंधेरे में हादसे का खतरा रहता है। आकाश चौहान ने धूल रोकने के पुख्ता इंतजाम न होने की बात कही। केबी कंपोनेंट्स लिमिटेड के असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट देवेंद्र शर्मा ने बताया कि अगले सप्ताह स्वीडन के प्रतिनिधि इकाई का दौरा करने वाले हैं और सड़क से उड़ती धूल नकारात्मक संदेश देगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि रविवार को ईकोटेक-3, उद्योग केंद्र दो में सड़कों के किनारे पड़ी निर्माण सामग्री हटाकर सफाई कराई गई और कच्चे स्थानों पर धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने सड़क, नाली और अन्य कार्य जल्द पूरे कराने का आश्वासन दिया है।