घरों में बीमारी के बाद बची और एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित निपटान तथा जरूरतमंदों तक दवाएं पहुंचाने के लिए युवाओं ने मेडसाइकिल अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल स्टोर से बची हुई दवाएं इकट्ठा की जाती हैं। अब तक 173 किलो दवाएं और मेडिकल उपकरण जरूरतमंदों को दिए जा चुके हैं, जबकि 527 किलो दवाओं को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया है।
अभियान शुरू करने वाले युवाओं के मुताबिक, यह विचार घर की अलमारी में पड़ी एक्सपायरी दवाओं को देखकर आया। उन्होंने महसूस किया कि ज्यादातर घरों में बीमारी ठीक होने के बाद बची दवाएं या तो रख दी जाती हैं या फेंक दी जाती हैं, जिससे दवाओं का कचरा फैलता है और पर्यावरण, पशुओं व इंसानों को नुकसान हो सकता है। साथ ही यह भी सामने आया कि देश में कई लोग जरूरी दवाएं तक नहीं खरीद पाते। इसी अंतर को कम करने के लिए युवाओं की भागीदारी से यह अभियान शुरू किया गया।
एक्सपायरी दवाओं को सरकारी मान्यता वाले केंद्रों को भेजा जाता है। इस काम में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन, आर्य समाज और स्थानीय क्लीनिकों की मदद ली जा रही है। इनके साथ मिलकर लोगों को दवाओं को सही तरीके से फेंकने और संभालने के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है।
मेडसाइकिल के तहत दवाएं इकट्ठा करने और उनके सुरक्षित निपटान के अलावा सामुदायिक प्रतियोगिताएं और पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग पर्यावरण बचाने के कामों से जुड़ सकें। अभियान से जुड़े लोगों का मानना है कि भारत में हर दिन सैकड़ों टन जैव चिकित्सा कचरा पैदा होता है और इसका बड़ा हिस्सा सही तरीके से नष्ट नहीं किया जाता। कोरोना महामारी के बाद यह समस्या और गंभीर हो गई है। उनके अनुसार, पर्यावरण से जुड़ी बड़ी समस्याएं अक्सर छोटी-छोटी गलत आदतों से शुरू होती हैं और समस्या को समझकर छोटे कदम उठाने से भी बड़ा बदलाव आ सकता है।
