संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर मेरठ के शेरगढ़ी स्थित कांशीराम पार्क में 'हर घर संविधान' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भारत जोड़ो अभियान के राष्ट्रीय संयोजक योगेंद्र यादव ने संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिए गए समान अधिकार और सम्मान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों का जागरूक होना, अपने मताधिकार का सही उपयोग करना और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने भारत जोड़ो अभियान की जानकारी भी दी और बताया कि 26 जनवरी 2030 तक चलने वाले इस जन-अभियान का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा और संवर्धन करना है।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति इकबाल अंसारी ने कहा कि संविधान को केवल किताब तक सीमित न रखकर प्रत्येक घर और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है। मोहम्मद अदीब, अंजलि भारद्वाज, एन सुकुमार और नदीम खान ने संविधान की महत्ता, लोकतंत्र की मजबूती, नागरिकों के मताधिकार, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे पर विशेष जोर दिया।
आयोजक डॉ. सुशील गौतम के नेतृत्व में कार्यक्रम में संविधान की प्रतियां वितरित की गईं और लोगों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर राहुल जाटव, बिजेंद्र सूद, हिमांशु सिद्धार्थ और हेमंत प्रधान मौजूद रहे।
