मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय छात्रा को बहलाने-फुसलाने, अश्लील तस्वीरें भेजने और पढ़ाई से दूर करने के आरोप में 25 वर्षीय युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपित पर बच्ची को अपने प्रभाव में लेने और महंगे सामान का लालच देकर मिलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी को मंगलपुरी निवासी करीब 25 वर्षीय आदित्य अपने प्रेमजाल में फंसाने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि युवक व्हाट्सएप के जरिए बच्ची से बातचीत करता है और उसे अश्लील एवं आपत्तिजनक तस्वीरें भेज चुका है। शिकायत के मुताबिक, आरोपित तीन मोबाइल नंबरों से कॉल करता है और बच्ची को स्कूल छोड़ने के लिए बहलाया जा रहा है।

परिजनों का आरोप है कि युवक महंगे सामान का लालच देकर बच्ची को बाहर घूमने और मिलने के लिए दबाव बना रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी बेटी अभी काफी छोटी है और इस तरह के बहकावे को पूरी तरह समझने में सक्षम नहीं है। स्वजन को आशंका है कि युवक अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ कोई गलत घटना कर सकता है। परिवार का कहना है कि घर में लगातार भय का माहौल है और बच्ची को नियमित रूप से स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही है।

पीड़ित स्वजन ने पुलिस से शिकायत का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच, संबंधित मोबाइल नंबरों की पड़ताल और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।