मोहाली जिले के लोगों को जल्द पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ तक पानी की आपूर्ति शुरू होने वाली है। इस योजना की समीक्षा डीसी आदित्य दछवाल और पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने की।
डीसी कार्यालय में हुई बैठक में कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ तक पानी पहुंचाने की योजना पर चर्चा हुई। बैठक में हलके में जारी और प्रस्तावित विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं तथा लोगों की समस्याओं पर भी विचार किया गया। अधिकारियों को विकास कार्य समय पर पूरा करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि हलके का सर्वपक्षीय विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कजौली से सप्लाई शुरू होने पर शहर की पेयजल व्यवस्था बेहतर होगी।
