भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को एक बार फिर बाहर रखा है। टीम ने प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर किया, लेकिन उनकी जगह गुरनूर बराड़ को मौका दिया। सिराज के लगातार बाहर रहने पर टीम मैनेजमेंट की आलोचना हो रही है।
टॉस के बाद सिराज मैदान पर चश्मा लगाए हुए दिखे। इसी को लेकर भारत के पूर्व स्पिनर मुरली कार्तिक ने सवाल उठाए। उन्होंने सिराज की तरफदारी करते हुए कहा कि उन्हें प्लेइंग-11 में जगह न मिलने का अफसोस जरूर होगा। कार्तिक ने सिराज को देखकर यह अनुमान भी लगाया कि शायद वह चश्मे के पीछे अपने आंसू छिपा रहे हैं।
कार्तिक ने कहा, "क्या वह रो रहे हैं? क्योंकि वह भावुक इंसान हैं। कुछ लोग टीम से बाहर जाने के बाद भी ठीक रहते हैं, लेकिन कुछ लोग वाकई में खेलना चाहते हैं। वह फिक्र नहीं करते कि उनके पैर में दर्द है या सिर में। वह अपना सब कुछ झोंक देते हैं। सिराज इसी तरह के हैं।" उन्होंने आगे कहा कि कई बार खिलाड़ी अपने दर्द को छिपा लेता है। सिराज को वनडे टीम से भी बाहर किया गया था और वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उन्हें प्राथमिकता नहीं दी गई थी। कार्तिक ने सवाल किया कि अगर उनकी फॉर्म अच्छी नहीं है तो उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम में ही क्यों चुना गया।
बता दें कि सिराज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके बाद भी उन्हें पहले टेस्ट में नहीं चुना गया था, जिसकी काफी आलोचना हुई थी। तब उम्मीद थी कि वह दूसरे मैच में खेलेंगे, लेकिन दूसरे टेस्ट में भी उन्हें बाहर ही रखा गया।
