राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि मानव जाति अकेले सुखी नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि पूरा संसार सुखी होगा, पर्यावरण स्वस्थ और प्रसन्न रहेगा, तभी मानव सुखी हो सकेगा। भागवत दिल्ली में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक 'करुणानायक राम' के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। समारोह में भूटान के शाही परिवार की राजमाता और राजकुमारी भी मौजूद थीं।
भागवत ने अपने संबोधन में धर्म पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जब हम महान व्यक्तियों का जीवन पढ़ते हैं, तो हमारा ध्यान आमतौर पर इस बात पर रहता है कि उन्होंने क्या किया। हम उनके काम देखते हैं और उन्हें आदर्श मानते हैं।
रावण और भगवान राम के बीच के फर्क को समझाते हुए भागवत ने कहा कि रावण अहंकारी था, जबकि राम करुणा के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि रावण को अपने बल, अपने ज्ञान और अपने साम्राज्य पर अहंकार था और वह 'मैं और मेरा' से आगे नहीं जा पाया। भागवत ने कहा कि राम इसके ठीक उल्टे थे।
