कर्णप्रयाग विकासखंड के मोली-गनोली गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए गुरुवार से श्रमदान शुरू कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2006 में मोटर मार्ग का सर्वे हुआ और 2018 में सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिली, लेकिन छह साल बाद भी वित्तीय स्वीकृति का इंतजार बना हुआ है। ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने कहा कि कांचुला-गैन-सैंजकट्टा सड़क पर तीन किमी की स्वीकृति न मिलने के कारण मोली, गनोली और रवेंठा के ग्रामीणों को आज भी पैदल चलना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं और बीमार बुजुर्गों को सड़क मार्ग तक पहुंचने में सबसे अधिक परेशानी होती है।
बताया गया कि बीते दिनों एक गर्भवती महिला की तबीयत खराब होने पर रास्ते में ही प्रसव हुआ था। इसके बाद कांचुला-गैन संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रमदान करने का निर्णय लिया। पहले दिन मोली गांव की प्रारंभिक सीमा रवेंठा में ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ भूमि पूजन कर कटिंग कार्य शुरू किया और सरकार के विरोध में नारेबाजी की। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर 40 मीटर कटिंग की। श्रमदान में जुटे ग्रामीणों ने कहा कि आश्वासनों से तंग आकर अब वे खुद सड़क बनाने में जुटे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से मांग के बाद भी सड़क की स्वीकृति नहीं मिली, जिससे रोजमर्रा के कामों, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। तीन किमी सड़क की डीपीआर पीएमजीएसवाई-4 के तहत शासन को भेजी गई है। यह सड़क कांचुला-गैन से जुड़कर सैंजकट्टा, मोली और गनोली तक जानी थी, जिससे लगभग 40 से अधिक परिवारों को लाभ मिलता। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक शासन से स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक वे श्रमदान से रास्ता सुगम बनाते रहेंगे और जल्द डीपीआर स्वीकृत कर सड़क निर्माण शुरू करने की मांग की।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने कहा कि डीपीआर वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजी गई है। विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि तीन किमी मोटर मार्ग को लेकर पीएमजीएसवाई द्वारा प्रेषित डीपीआर पर शीघ्र ही वित्तीय स्वीकृति होनी है, जिसके बाद काम शुरू किया जाएगा।
