मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की 24 नवंबर से प्रस्तावित सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की विदेश यात्रा स्थगित हो गई है। 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सात से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र है और इसकी प्राथमिकता को देखते हुए दौरा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें 23 नवंबर को देर रात सिंगापुर के लिए रवाना होना था, जहां डेढ़ दिन और दक्षिण कोरिया में ढाई दिन का कार्यक्रम तय था।

दौरे का उद्देश्य अगले साल भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्यमियों को आमंत्रित करना और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करना था। योजना के मुताबिक औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें समिट के लिए आमंत्रित किया जाना था।

विदेश दौरा स्थगित करने से पहले मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संभावित विधेयकों और सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसी के बाद यात्रा रद करने का निर्णय लिया गया।

इस बीच, प्रदेश सरकार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों में जुटी है। समिट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कराने का प्रस्ताव है, हालांकि आयोजन की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। सरकार का लक्ष्य देश-विदेश के निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना है।