मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने मोहित गोगिया के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में चार्जशीट पेश की है। उन पर डेरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी से बैंक लोन सेटल कराने के नाम पर 10 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, भरोसा जीतने के लिए आरोपित ने फर्जी चैट दिखाकर दावा किया था कि एसबीआई की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है। जांच में बैंक ने इस दावे को नकार दिया। किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त, 2025 में मोहित गोगिया, उनकी पत्नी श्वेता गोगिया और एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
मोहित गोगिया पर दिल्ली, पंजाब और गोवा सहित कई राज्यों में ठगी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें पिछले वर्ष गिरफ्तार किया था और वह तिहाड़ जेल में बंद हैं।
बता दें, सोशल मीडिया पर वायरल गोगिया के कथित बयान में भोपाल में दो शराब दुकानें लेने के लिए एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने और दुकानों के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में दीपम रायचुरा द्वारा सहयोग किए जाने की बात सामने आई थी। विभाग की जांच में एफडीआर के फर्जी होने की पुष्टि हो चुकी है।
