बंगाल की खाड़ी में बने तूफान 'अकवान' का असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा। आईएमडी (मौसम केंद्र) भोपाल ने 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत से चली बर्फीली हवा के कारण राजस्थान में सर्दी तेज हो गई है। लगातार दूसरे दिन राज्य के कई शहरों में पारा 5 डिग्री तक गिर गया। पहाड़ों पर बर्फबारी से उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ गई है और सुबह-रात के वक्त भीषण कोहरा पड़ रहा है। कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट कम कर दी गई है।
उत्तराखंड के सभी जिलों में ठंड का असर तेज होने लगा है। चमोली स्थित देश के पहले गांव माणा में बर्फबारी से बचाने के लिए प्रशासन ने पांडवों की मूर्तियों को तिरपाल से ढंक दिया है। वहीं, बिहार के समस्तीपुर, बेगूसराय, बगहा और सुपौल में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रह गई थी।
