भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से संन्यास की घोषणा के बाद उनके प्रशंसक और साथी खिलाड़ी दुखी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल में पांच बार चैंपियन बनाने वाले धोनी को अब प्रशंसक खेलते नहीं देख पाएंगे। बस्ती में क्रिकेट से जुड़े लोगों और खिलाड़ियों ने प्रतिक्रिया देते हुए धोनी को अपनी प्रेरणा और आदर्श बताया।
क्रिकेट कोच आलोक वर्मा के अनुसार, धोनी का क्रिकेट जगत में योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपनी कप्तानी, अनुशासन, धैर्य और खेल भावना से भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका संन्यास क्रिकेट के एक स्वर्णिम युग का अंत है।
खेल प्रशिक्षक बुधिराम चौधरी ने कहा कि धोनी ने कठिन संघर्ष करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। धोनी जैसे खिलाड़ी सदियों में एक बार जन्म लेते हैं। उनके चाहने वालों की संख्या इतनी है कि क्रीज पर उतरते ही लोग जीत को निश्चित मानते थे, इसी कारण उन्हें कूल माइंड कप्तान कहा जाता है।
क्रिकेटर सौरभ पाल ने कहा कि धोनी उनके सबसे पसंदीदा क्रिकेटर हैं और उन्हें देखकर ही उन्होंने क्रिकेट खेलने का सपना देखा है। संन्यास की खबर सुनकर दुख हुआ है। उनका सपना है कि वे भी धोनी की तरह देश के लिए खेलकर भारत का नाम रोशन करें। क्रिकेटर हर्षिता ने कहा कि धोनी से सभी को बहुत कुछ सीखने को मिला है और उनके संन्यास से क्रिकेट जगत में खालीपन आएगा। वे भी धोनी की तरह मेहनत करके भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
