नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय अपने प्रदर्शन से ज्यादा गलतियों और विवादों की वजह से चर्चा में है। साल 2026 में अब तक खेले गए 9 टेस्ट मैचों में पाकिस्तानी गेंदबाज 106 नो बॉल फेंक चुके हैं। यह इस साल टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम का सबसे खराब आंकड़ा है। दूसरे नंबर पर मौजूद बांग्लादेश के गेंदबाजों ने 54 नो बॉल फेंकी हैं, यानी दोनों टीमों के बीच 52 नो बॉल का अंतर है। सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट में मोहम्मद अली ने अकेले 17 नो बॉल फेंकी थीं।
टेस्ट क्रिकेट में नो बॉल से विपक्षी टीम को अतिरिक्त रन मिलता है और गेंदबाज को वही गेंद दोबारा डालनी पड़ती है। पाकिस्तान के लिए चिंता की बात यह है कि 9 टेस्ट में औसतन हर मैच में 11 से ज्यादा नो बॉल की जा रही हैं। इससे टीम का ओवर रेट भी धीमा पड़ता है और धीमे ओवर रेट के कारण उसके 24 प्वाइंट्स काटे जा चुके हैं। इसी वजह से पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है।
पाकिस्तान क्रिकेट का नो बॉल और फिक्सिंग से पुराना नाता रहा है। साल 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान स्पॉट फिक्सिंग का बड़ा मामला सामने आया था। तत्कालीन कप्तान सलमान बट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर पर आरोप लगे थे कि उन्होंने बुकी के साथ मिलीभगत करके तय समय पर जानबूझकर नो बॉल फेंकी थीं। मामले में खिलाड़ी एजेंट मजहर मजीद का नाम भी सामने आया था। जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद तीनों खिलाड़ियों को दोषी पाया गया, आईसीसी ने उन पर बैन लगाया और ब्रिटेन की अदालत ने उन्हें जेल की सजा सुनाई।
इस साल सितंबर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड दौरे पर लगातार दो टेस्ट हारने के बाद खिलाड़ियों के अनुशासन और आचरण को लेकर आंतरिक जांच शुरू की थी। इस दौरान खिलाड़ियों के मोबाइल फोन से जुड़ी खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि, पीसीबी ने आधिकारिक तौर पर जांच को अनुशासन और आचरण से जुड़ा बताया था और यह पुष्टि नहीं की थी कि मामला मैच फिक्सिंग से संबंधित है।
