मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास एक म्युनिसिपल गार्डन में एक युवक और उसकी महिला दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों उस समय गार्डन में फोटो खींच रहे थे, जब आठ नाबालिगों के एक समूह ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। महिला दोस्त के साथ भी हाथापाई की गई। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह अपनी महिला दोस्त से मिलने घाटकोपर गया था और दोनों गार्डन में फोटो खींच रहे थे। इस दौरान युवकों का एक समूह उसकी दोस्त को बार-बार परेशान कर रहा था। आरोप है कि लड़कों ने दोनों के साथ गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। युवक ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। वीडियो में आरोपी लड़के युवक और महिला पर डंडे से भी हमला करते दिखे। इस दौरान एक युवक ने स्टील की बोतल से उसके सिर पर वार किया। मारपीट में दोनों घायल हो गए और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, लड़की की शिकायत के आधार पर घाटकोपर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत आठ नाबालिग लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। हालांकि, अभी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।
