मुंगेर विद्युत विभाग ने बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान पर अंकुश लगाने के लिए जिले के 3,795 वितरण ट्रांसफार्मरों में से करीब 90 प्रतिशत पर डीटी (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर) मीटर लगा दिए हैं। शेष ट्रांसफार्मरों पर भी जल्द मीटर लगाने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक ट्रांसफार्मर से होने वाली बिजली आपूर्ति और उससे जुड़े उपभोक्ताओं की कुल खपत का मिलान किया जाएगा। आंकड़ों में अंतर मिलने पर संबंधित इलाके को चिह्नित कर जांच कराई जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में बिजली नुकसान करीब 22 प्रतिशत दर्ज किया गया था। चालू वित्तीय वर्ष में इसे घटाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की भी पहचान की जा रही है और क्षमता से अधिक लोड मिलने पर संबंधित ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि डीटी मीटर लगने के बाद ट्रांसफार्मरवार बिजली आपूर्ति और उपभोक्ताओं की खपत का सटीक आकलन हो सकेगा। दोनों के बीच अंतर अधिक मिलने पर संबंधित क्षेत्र में जांच की जाएगी, जिससे बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान वाले इलाकों की पहचान आसान होगी। बिजली चोरी के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई भी जारी है और हर महीने औसतन 70 प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं, जिनमें करीब 25 लाख रुपये की वसूली हो रही है।
राजस्व वसूली में भी विभाग लक्ष्य हासिल करने की कोशिश में जुटा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक जिले को करीब 113 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध लगभग 85 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 76 प्रतिशत है। हालांकि 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी जोड़ने पर वसूली का अनुपात करीब 85 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। जिले में कुल 2,43,159 उपभोक्ता बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिनमें 2,21,193 घरेलू, 20,024 व्यावसायिक और 1,942 औद्योगिक उपभोक्ता शामिल हैं।
