बिहार में लागू नई भवन उपविधि-2026 से शहरी क्षेत्रों में ऊंची इमारतों के निर्माण की संभावना बढ़ी है, लेकिन मुंगेर में खासमहाल जमीन का लीज विवाद शहर के विकास में बड़ी बाधा बना हुआ है। खासमहाल पदाधिकारी वसीम रजा के अनुसार जिले में करीब 16,500 लीज संपत्तियां हैं, जिनमें से अब तक केवल सात का ही नवीकरण हो पाया है।

नई उपविधि के तहत 24 मीटर या अधिक ऊंचे भवन हाइराइज श्रेणी में रखे गए हैं। मध्यम जोखिम वाले भवनों का नक्शा पैनलबद्ध वास्तुविद ऑनलाइन तकनीकी रूप से स्वीकृत करेंगे, जबकि उच्च जोखिम वाले भवनों की स्वीकृति नगर निगम या नगर विकास विभाग के सक्षम प्राधिकारी देंगे। मुंगेर भूकंप के उच्च जोखिम वाले जोन-4 में आता है, इसलिए ऊंचे भवनों के लिए मिट्टी की जांच, भूकंपरोधी संरचना, मजबूत नींव, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन निकासी के मानक पालन करने होंगे। उपविधि में आधारभूत एफएआर 3.0, शुल्क देकर अतिरिक्त निर्माण क्षेत्र और पार्किंग को एफएआर गणना से बाहर रखने के प्राविधान हैं।

खासमहाल पदाधिकारी के मुताबिक लीज अवधि समाप्त होने पर भवन मालिकों को न मरम्मत की अनुमति मिलती है और न नए निर्माण की। केवल नगर निगम की स्वीकृति पर्याप्त नहीं है और ऐसी संपत्तियों पर बैंक ऋण भी नहीं मिलता। लीज समाप्त होने पर वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर नया एग्रीमेंट हो सकता है, बशर्ते संपत्ति पूर्व निर्धारित उपयोग और शर्तों के अनुरूप हो। नया एग्रीमेंट 30 साल के लिए होगा और हर 30 वर्ष पर नवीनीकरण कराना होगा। बाजार मूल्य का भुगतान एक बार करना होगा। आवासीय संपत्ति का व्यावसायिक उपयोग करने वालों को भू-उपयोग बदलकर एग्रीमेंट का लाभ नहीं मिलेगा।

मुंगेर के गांधी चौक, बेकापुर और बड़ा बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक इलाके खासमहाल जमीन पर बसे हैं। लीजधारकों का कहना है कि पहले 30-33 वर्षों के साथ 66, 99 साल और स्थायी लीज का विकल्प था, लेकिन अब हर 30 वर्ष पर नवीनीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर बड़ी राशि जमा करना आम परिवारों के लिए कठिन है। दशकों पुरानी लीज की मूल शर्तें भी आड़े आ रही हैं और आवासीय भूखंडों पर बनी दुकानें व छोटे बाजार भी इन शर्तों के दायरे में आ रहे हैं।