मुरादाबाद में दो साल से अधिक पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों के मामलों की सुनवाई के लिए नौ अलग-अलग अदालतें निर्धारित की गई हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने तीन नवंबर को जारी आदेश में जिले के थाना क्षेत्रों को इन अदालतों के क्षेत्राधिकार में बांटा है। अब आवेदकों को पहले अपना थाना क्षेत्र देखना होगा, उसी के आधार पर तय होगा कि उन्हें किस अदालत में आवेदन करना है।
आदेश के अनुसार कोतवाली, सिविल लाइंस, पाकबड़ा और कटघर थाना क्षेत्र के मामले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुने जाएंगे। बिलारी के आवेदकों को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या एक में, जबकि मुगलपुरा, मूंढापांडे और कुंदरकी के लोगों को कोर्ट संख्या छह में आवेदन करना होगा। गलशहीद और सोनकपुर थाना क्षेत्र के मामले अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या दो में जाएंगे। छजलैट के लिए कोर्ट संख्या चार और नागफनी के लिए अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या एक निर्धारित की गई है।
मझोला और कांठ थाना क्षेत्र के आवेदकों को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या पांच में जाना होगा। ठाकुरद्वारा, भगतपुर, भोजपुर और डिलारी थाना क्षेत्र के मामलों की सुनवाई ठाकुरद्वारा स्थित बाह्य न्यायालय में होगी, जबकि मैनाठेर के आवेदकों के लिए अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट संख्या एक तय की गई है। इस तरह जिले के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों को नौ अदालतों से जोड़ दिया गया है।
दरअसल, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत दो साल से अधिक पुराने मामलों में पंजीकरण के लिए प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट का आदेश अनिवार्य कर दिया गया है। छह अगस्त को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन के अनुसार, मजिस्ट्रेट जन्म या मृत्यु की वास्तविकता की पुष्टि और निर्धारित शुल्क जमा होने के बाद ही आदेश दे सकेंगे। जनपद न्यायाधीश के अनुमोदन के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
