मुजफ्फरपुर जंक्शन पर छठ महापर्व के कारण 15 दिनों से बंद पार्सल सेवा गुरुवार से फिर शुरू हो गई है। अब सभी गंतव्यों के लिए पार्सल की बुकिंग हो रही है, जिससे दूसरे शहरों में बाइक और अन्य सामान भेजने वाले लोगों को राहत मिली है।
रेलवे ने छठ के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 11 से 25 नवंबर तक मुजफ्फरपुर जंक्शन पर पार्सल बुकिंग बंद कर दी थी। इसका उद्देश्य भीड़ के दौरान यात्रियों को परेशानी से बचाना और ट्रेनों में आवागमन सुचारु रखना था। हालांकि, इस अवधि में पार्सल से सामान भेजने वाले व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सेवा बहाल होते ही पार्सल कार्यालय में बाइक और अन्य सामान भेजने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई। पहले दिन दिल्ली, आनंद विहार और गुजरात के लिए सबसे अधिक बाइक बुक की गईं। कई लोग दो दिन पहले से ही पार्सल कार्यालय पहुंचकर बुकिंग शुरू होने की जानकारी ले रहे थे।
अब मुजफ्फरपुर जंक्शन से सभी निर्धारित गंतव्यों के लिए सामान भेजने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। बाइक के अलावा अन्य सामान की भी बुकिंग की जा रही है। 15 दिनों तक सेवा बंद रहने के बाद बहाली से उन लोगों को राहत मिली है, जिन्हें दूसरे शहरों में सामान भेजने के लिए रेलवे पार्सल सेवा का इंतजार था।
