नवादा पुलिस ने नेमदारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धान की कुट्टी के बीच छिपाकर टाटा पिकअप से लाई जा रही 1531.44 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। बरेव हाईस्कूल के पास की गई इस छापेमारी में पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर चालक और उपचालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब ओल्ड हैबिट व्हिस्की ब्रांड की है और कुल 171 कार्टून में रखी थी। इसमें 750 एमएल की 30 कार्टून में 360 बोतल, 375 एमएल की 120 कार्टून में 2880 बोतल तथा 180 एमएल की 21 कार्टून में 1008 बोतल शामिल हैं। इस तरह कुल 4248 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चुटकिया गांव निवासी 28 वर्षीय रामू कुमार यादव, पिता बलराम यादव तथा 30 वर्षीय गोवर्धन सेन, पिता लड्डू सेन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सोमवार शाम धनबाद बस स्टैंड के पास से पिकअप लेकर चले थे और एक लाइनर के माध्यम से उन्हें रास्ता बताया जा रहा था।

पुलिस को आशंका है कि शराब की यह खेप बिहार में खपाने की तैयारी थी। इस नेटवर्क में लाइनर की भूमिका और शराब के वास्तविक कारोबारी की पहचान को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार चालक और उपचालक पहले भी अंग्रेजी शराब की तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं। नेमदारगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। इधर, मंगलवार को कौआकोल थाना क्षेत्र में भी शराब के विरुद्ध कार्रवाई हुई है।