महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों धड़ों के विलय की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि एनसीपी (एसपी) और सुनेत्रा पवार के धड़े, दोनों के नेताओं ने विलय की बात से इनकार किया है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि विलय किसी वजह से टल रहा है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक चर्चा है कि अगर शरद पवार एनडीए में शामिल होने और दोनों धड़ों के विलय पर सहमत होते हैं तो वह बदले में कुछ बड़ा मांग सकते हैं। कयासों में यह भी कहा जा रहा है कि वह अपनी बेटी सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद तक मांग सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जब शिवसेना टूटी थी और शिंदे का गुट बीजेपी के साथ आया था, तब उन्हें मुख्यमंत्री पद दिया गया था। हालांकि तब स्थिति अलग थी, उस समय महायुती की सरकार नहीं थी और शिंदे की मदद से ही सरकार बनी थी, जबकि इस समय महायुती पहले से सत्ता में है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक दिवाली के आसपास प्रदेश बीजेपी के कई नेता शरद पवार से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अब तक शरद पवार ने विलय और एनडीए की ओर रुख साफ नहीं किया है। संभव है कि वह बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के किसी नेता से मुलाकात करना चाहें, क्योंकि बड़ी मांग रखने के लिए बड़े नेता की जरूरत होगी।

केंद्र सरकार ने अब तक संसद के शीतकालीन सत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। आम तौर पर यह सत्र दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होता है। कहा जा रहा है कि सरकार चाहती है कि शीतकालीन सत्र में ही महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पास हो जाए, लेकिन इसके लिए दो तिहाई बहुमत का जुगाड़ अभी नहीं हो पाया है। अगर शरद पवार का गुट एनडीए में आता है तो बीजेपी को फायदा हो सकता है। लोकसभा में एनडीए के पास 320 सांसद हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 360 है। राज्यसभा में 6 सांसदों की कमी है। शरद पवार के पास लोकसभा में 8 और राज्यसभा में एक सांसद है।

एनसीपी के नेता सुनेत्रा पवार से असंतुष्ट नजर आते हैं, क्योंकि वह ज्यादातर सलाह अपने बेटे पार्थ पवार से लेती हैं। हाल ही में एनसीपी के 6 नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसमें सुनेत्रा पवार या पार्थ पवार शामिल नहीं थे।