गुरदासपुर के सिंघोवाल स्थित सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान दीनानगर पुलिस की हिरासत से एनडीपीएस मामले के एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान जोए पुत्र राजू निवासी गांव अवांखा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना दीनानगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था और इसी सिलसिले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी जोए को जरूरी मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल सिंघोवाल लाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर भागने में सफलता पा ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस ने आरोपी के फरार होने को लेकर कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत एक अन्य मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।