दिल्ली की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया, जहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप तय किए हैं। मामले की 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई होगी।

कोर्ट ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था। कोर्ट के मुताबिक, पहली नजर में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई अपराधों के पर्याप्त सबूत हैं। अदालत के अनुसार, आरोपियों ने NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध तरीके से हासिल की, उसे एक-दूसरे तक पहुंचाया और उसका इस्तेमाल किया। कोर्ट ने इसे संगठित साजिश का हिस्सा बताया।

कोर्ट के मुताबिक, मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार NTA के लिए काम कर रहे थे, इसलिए उन्हें लोक सेवक माना गया है। आरोप है कि तीनों ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा के गोपनीय सवाल अवैध तरीके से हासिल किए। मंधारे बायोलॉजी, पीवी कुलकर्णी केमिस्ट्री और हवालदार फिजिक्स की एक्सपर्ट थीं। कोर्ट ने कहा कि तीनों पर परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी थी और उन्हें पता था कि गोपनीय जानकारी साझा करने से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है। अदालत ने कहा कि आरोपियों ने जिन गोपनीय सवालों को हासिल किया, बांटा और पैसे कमाने के लिए इस्तेमाल किया, वे NTA की कॉपीराइट सामग्री थे, इसलिए कॉपीराइट एक्ट के एक प्रावधान के तहत भी आरोप तय किए गए।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके बाद 14वें आरोपी शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई। महाराष्ट्र के नांदेड़ निवासी शेषराव को 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।