नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस यात्रा में रिश्तों की मजबूती सबसे बड़ा एजेंडा होगा। मार्च में पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है। राजशाही खत्म होने के बाद पहली बार नेपाल में स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनी है, जिसे देखते हुए दोनों देश इस दौरे को लेकर उत्साहित हैं।
रविवार को दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बालेन शाह से मुलाकात की। उनके आगमन पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही और बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर बताया है।
सूत्रों के अनुसार नेपाल में हाल में आई बाढ़ से हुई तबाही के बाद पुनर्निर्माण के लिए भारत बड़े पैकेज का ऐलान कर सकता है। इसके अलावा अग्निवीरों को स्थायी करने की हालिया घोषणा के बाद माना जा रहा है कि नेपाल फिर से गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती को मंजूरी दे सकता है। अग्निपथ योजना शुरू होने के बाद से नेपाल में भारतीय सेना के दोनों भर्ती केंद्र बंद हैं। मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि इस यात्रा के एजेंडे में सीमा विवाद पर चर्चा शामिल नहीं है, क्योंकि ऐसे विवादों को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच अधिकारियों का तंत्र स्थापित है।
दिल्ली विवि के प्रोफेसर और विदेश मामलों के विशेषज्ञ सुधीर सिंह ने कहा कि नेपाल और चीन के बीच संबंधों में तल्खी के बीच यह यात्रा भारत के लिए महत्वपूर्ण है और इस बैठक से चीन को संदेश मिल सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल की अर्थव्यवस्था भारत से जुड़ी है, इसलिए मजबूत रिश्ते जरूरी हैं। इधर सोमवार को अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन होगा। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और प्रधानमंत्री मोदी तथा बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
