कोलकाता के राजारहाट-न्यूटाउन स्थित हैप्पी गार्डन आवासन की बेसमेंट पार्किंग में मंगलवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। इस घटना में तीन कारें और पांच मोटरसाइकिलें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। आग लगने के बाद बेसमेंट में घना काला धुआं फैल गया, जिससे पूरे आवासन में अफरा-तफरी मच गई और दहशत में लोग अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक गैरेज में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आवासन के सुरक्षा गार्डों और निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए आवासन में उपलब्ध अग्निशमन व्यवस्था की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जली हुई गाड़ियों में आवासन समिति के कोषाध्यक्ष की कार भी शामिल बताई जाती है।

घटना के बाद बेसमेंट पार्किंग में कथित रूप से अवैध गैरेज बनाए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जिस स्थान का इस्तेमाल सामान्य पार्किंग के लिए होना चाहिए था, वहां गैरेज कैसे बनाया गया। इस मामले में विधाननगर पुलिस ने एक निवासी को हिरासत में लिया है और घटना की जांच कर रही है।