भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन पर एक 'असली किताब' लिखेंगे। 'एक्स' पर एक पोस्ट में दुबे ने दावा किया कि इस किताब में वह खुलासा करेंगे कि सोनिया गांधी मारुति की मालिक कैसे बनीं और नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया। उन्होंने कहा कि किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की 'असली वजहों' का भी खुलासा किया जाएगा। दुबे के इस कमेंट पर कांग्रेस की ओर से तुरंत कोई रिस्पॉन्स नहीं आया है।

दुबे ने 'एक्स' पर कहा कि यह किसी को निशाना बनाने का प्रयास नहीं है। उन्होंने कई सवाल उठाए, जिनमें सोनिया गांधी के मारुति की मालिक बनने, नेशनल हेराल्ड की खरीद, 2004-14 के दौरान प्रधानमंत्री से ऊपर उनकी स्थिति और मेनका गांधी के साथ विवाद की असली वजह शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनकी किताब में इन सवालों के जवाब होंगे। दुबे ने संकेत दिया कि किताब में बोफोर्स घोटाले के पीछे की 'असली कहानी' भी बताई जाएगी।

भाजपा सांसद ने आगे सवाल किया कि चीन ओलंपिक में प्रधानमंत्री के स्थान पर सोनिया गांधी परिवार सहित क्यों गईं, सीताराम केशरी की धोती की कहानी क्या है, प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और सोनिया गांधी के बीच लड़ाई क्यों हुई, 1999 में कांग्रेस के किस नेता ने उन्हें धोखा दिया और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी में वे राजनीतिक तौर पर किसे पसंद करती हैं। उन्होंने कहा, ''इंतजार कीजिए और देखिए।''

'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में दुबे ने आरोप लगाया कि 'विदेशी नागरिक' होने के बावजूद सोनिया गांधी मारुति की प्रबंध निदेशक और 50 प्रतिशत हिस्सेदार थीं। उन्होंने दावा किया कि 21 नवंबर 1970 को संजय गांधी ने सोनिया गांधी की कंपनी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया था और सोनिया गांधी मारुति की असली मालिक थीं। बता दें कि निशिकांत दुबे लंबे समय से गांधी परिवार पर हमलावर रहे हैं। पिछले महीने दुमका में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के अपमान और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा तथा लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाया था।