साउथ सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस और नेशनल अवॉर्ड विजेता नित्या मेनन ने एक ताजा इंटरव्यू में शादी और रिश्तों को लेकर खुलकर बात की है। 38 वर्षीय नित्या ने गोबिनाथ के साथ एक पॉडकास्ट में बताया कि उन्हें रिश्तों में घुटन महसूस होती है। उन्होंने कहा कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं और जिंदगी में एक सही पार्टनर चाहती हैं, लेकिन सिर्फ शादी करने के लिए किसी रिश्ते में नहीं बंधना चाहतीं। एक्ट्रेस के मुताबिक, उनके लिए शादी से ज्यादा जरूरी ऐसा रिश्ता है जिसमें उन्हें अपनी आजादी और पहचान बनाए रखने की जगह मिले।

नित्या ने साफ किया कि उनके शादी को लेकर दिए गए बयानों को अक्सर गलत तरीके से समझ लिया जाता है। लोगों को लगता है कि वह शादी नहीं करना चाहतीं, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह शादी करना चाहती हैं, लेकिन उन्हें पता है कि वह क्या तलाश रही हैं और वह सिर्फ शादी नहीं है। उनके अनुसार, अगर सामने वाला इंसान उन्हें आजादी नहीं दे सकता, तो शादी का कोई मतलब नहीं है।

अपने पिछले रिश्तों के अनुभव साझा करते हुए नित्या ने बताया कि उनमें उन्हें कई बार दबाव और बंधन महसूस होता था। कुछ रिश्तों में उन्हें लगता था कि उनकी पसंद और इच्छाओं को महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे रिश्तों से बाहर निकलने के बाद उन्हें काफी राहत मिली। रिश्तों में घुटन महसूस होने पर उन्होंने बाहर निकलने का फैसला लिया और इसे डर के बजाय एक एहसास बताया।

वर्कफ्रंट की बात करें तो नित्या मेनन पिछले साल 'काधलिकका नेरामिल्लई', 'थलाइवन थलाइवी' और 'इडली कढ़ाई' जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। इस साल वह हिंदी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज ग्रे' में नजर आने वाली हैं, जिसमें विवेक ओबेरॉय भी मुख्य भूमिका में हैं।