फिल्म 'बैंडिट क्वीन' के निर्देशक शेखर कपूर की ड्रीम प्रोजेक्ट 'पानी' को सुशांत सिंह राजपूत के साथ बनाने की योजना थी। यह फिल्म 32 साल से डिब्बाबंद है और अब तक पर्दे पर नहीं आ सकी है।
शेखर कपूर ने साल 1994 में 'बैंडिट क्वीन' रिलीज की थी। इसी दौरान उनके मन में 'पानी' बनाने का ख्याल आया और उन्होंने इसकी कहानी लिखनी शुरू की। फिल्म की कहानी 2050 के जल संकट पर आधारित थी, जिसमें दिखाया जाना था कि आने वाले समय में देश को पानी की कितनी बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
साल 2017 में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के 48वें संस्करण में शेखर कपूर ने 'पानी' पर खुलकर बात की थी। उस दौरान सुशांत सिंह राजपूत भी मौजूद थे। निर्देशक ने बताया था कि कहानी में कंगना रनौत को 86 साल की एक वृद्ध महिला के किरदार के तौर पर सोचा गया है, जबकि सुशांत फिल्म के लीड एक्टर होंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि यशराज फिल्म्स के मालिक आदित्य चोपड़ा को कहानी पसंद आई थी और वे इसके लिए 25 मिलियन डॉलर खर्च करने को तैयार थे, लेकिन बाद में वे किसी कारण से पीछे हट गए। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यशराज फिल्म्स को 'पानी' में सुशांत की कास्टिंग पर संदेह था, जिसके चलते निर्देशक के साथ मतभेद हुए थे।
साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद शेखर कपूर का यह ड्रीम प्रोजेक्ट पटरी से उतर गया और फिल्म 'पानी' नहीं बन सकी।
