बॉलीवुड अभिनेता सनी कौशल मंगलवार को कानपुर के गांधी नगर में अपनी आगामी वेबसीरीज 'बाराबंकी' की शूटिंग के दौरान ई-रिक्शे में सफर करते नजर आए। उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसक बेताब दिखे। गांधी नगर के अलावा पुराने एयरपोर्ट पर भी वेबसीरीज की शूटिंग की गई।

लाइन प्रोड्यूसर मो. रिजवान अख्तर ने बताया कि यह अमेजन प्राइम वीडियो पर आने वाली पीरियड वेबसीरीज है, जिसकी शूटिंग कानपुर के अलावा लखनऊ और बाराबंकी में भी होनी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बिपाशा बसु के सीन भी शूट होने थे, लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं आ सकीं। वेबसीरीज में बिपाशा बसु भी नजर आएंगी।

मो. रिजवान ने बताया कि कानपुर में पहले दो दिन की शूटिंग होनी थी, लेकिन उसे एक दिन में पूरा कर लिया गया है। अब दस दिन बाद फिर से शहर में शूटिंग होगी। इस दौरान आनंद बाग और धनकुट्टी में सीन फिल्माए जाएंगे और बिपाशा बसु के आने की पूरी उम्मीद है।

वेबसीरीज में स्थानीय प्रतिभाओं को भी मौका दिया जा रहा है। इसमें शहर के सलमान अख्तर, अजय त्रिपाठी और अनुराग शुक्ला सहित कई कलाकार अहम किरदार में नजर आएंगे।